बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट पर रात्रि उड़ान सेवा का शुभारंभ, मुख्यमंत्री ने भरी पहली नाइट फ्लाइट

रायपुर, 29 मार्च 2026। बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से रात्रि उड़ान सेवा का शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नाइट ऑपरेशन्स का लोकार्पण किया और स्वयं पहली रात्रि उड़ान भरकर रायपुर रवाना हुए। इस दौरान विधायक धर्मजीत सिंह भी उनके साथ थे।
एयरपोर्ट को करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से 3सी वीएफआर से उन्नत कर 3सी आईएफआर श्रेणी में विकसित किया गया है। डीजीसीए ने छह फरवरी 2026 को यहां रात्रिकालीन संचालन की अनुमति दे दी थी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि रात्रि उड़ान सेवा से निर्धारित उड़ानों के साथ आपातकालीन और मेडिकल फ्लाइट्स भी रात में संचालित हो सकेंगी, जिससे जीवनरक्षक सेवाएं अधिक प्रभावी होंगी। बेहतर हवाई संपर्क से व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने नागरिकों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
समारोह को केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और विधायक धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विधायक अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, संभाग आयुक्त सुनील जैन, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसपी रजनीश सिंह, एयरपोर्ट निदेशक एन वीरेंद्र सिंह सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित थे।



