Lawrence Bishnoi Gang: श्रीगंगानगर में मुठभेड़ के बाद लॉरेंस गैंग का शूटर गिरफ्तार, रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग की ली थी सुपारी!

श्रीगंगानगर। राजस्थान के श्रीगंगानगर में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सक्रिय शूटर आकाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, साधुवाली चेक पोस्ट पर पुलिस ने पंजाब की ओर से आ रही बिना नंबर की बाइक को रोकने का संकेत दिया। इस पर बदमाश ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर तीन राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे पकड़ लिया गया। आईजी ओम प्रकाश ने बताया कि आरोपी आकाश (32) उत्तर प्रदेश के आगरा का रहने वाला है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आकाश और उसका साथी मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने की साजिश में शामिल थे। दोनों को यह काम विदेश में बैठे गैंग के सदस्य द्वारा सौंपा गया था। आकाश गैंगस्टर आरजू बिश्नोई के संपर्क में था और बड़े लोगों की रेकी करने का काम भी करता था। उसके साथी शिवा गुर्जर को पहले ही जयपुर जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि आकाश श्रीगंगानगर में एक व्यवसायी और एक स्थानीय गैंगस्टर की हत्या की साजिश रच रहा था। इससे पहले वह हरियाणा के सिरसा और हनुमानगढ़ के भादरा क्षेत्र में भी कई हिस्ट्रीशीटरों की रेकी कर चुका था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


