कोरबा हॉस्टल में खूनखराबा: रसोइए ने छठवीं के छात्र पर क्यों किया टंगिया से हमला? मारपीट और अवैध वसूली के आरोपों के बीच पुलिस ने दबोचा!

कटघोरा। कोरबा जिले के छुरी स्थित प्री-मैट्रिक आदिवासी छात्रावास में एक रसोइए द्वारा शराब के नशे में छात्र पर टंगिया से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि उसे स्थायी क्षति नहीं पहुंची। उपचार के बाद छात्र को उसके पिता घर ले गए।
जानकारी के अनुसार, छात्रावास में रसोइए और चपरासी का कार्य करने वाले केसर दुबे ने छठवीं कक्षा के छात्र पुष्पेंद्र कंवर पर जानलेवा हमला कर दिया। टंगिया के वार से छात्र की आंख के ऊपरी हिस्से में गंभीर चोट आई। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई।
बताया जा रहा है कि छात्रावास अधीक्षक के अवकाश पर रहने के दौरान आरोपी रसोइया बच्चों को प्रताड़ित कर रहा था। उस पर मारपीट और अवैध वसूली के आरोप भी लगे हैं। मामले की शिकायत मिलने पर कटघोरा पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना के बाद छुरी नगर पंचायत के जनप्रतिनिधियों ने ट्राइबल विभाग के सहायक आयुक्त से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।



