प्रयोगशाला परिचारक भर्ती के लिए काउंसलिंग 1 और 2 अप्रैल को: उच्च शिक्षा संचालनालय ने जारी किया कार्यक्रम, नवा रायपुर में बुलाए गए 430 अभ्यर्थी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा संचालनालय ने प्रयोगशाला परिचारक के पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए चयनित अभ्यर्थियों की काउंसलिंग तिथि निर्धारित कर दी है। आधिकारिक सूचना के अनुसार मेरिट सूची में शामिल कुल 430 अभ्यर्थियों के लिए काउंसलिंग की प्रक्रिया 1 और 2 अप्रैल 2026 को आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होगी।
काउंसलिंग का आयोजन नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन के ब्लॉक-3 में किया जाएगा। अभ्यर्थियों की सुविधा और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरी प्रक्रिया को दो दिनों में कुल चार पालियों में विभाजित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह काउंसलिंग पूरी तरह से मेरिट और रोस्टर नियमों के आधार पर संपन्न होगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी चयनित अभ्यर्थियों को अपनी रैंक के हिसाब से तय तिथि और समय पर उपस्थित होना अनिवार्य है। इस काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से अभ्यर्थियों को मेरिट के आधार पर अपने पदस्थापना स्थल का चयन करने का विकल्प दिया जाएगा। विभाग ने अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।



