पूर्व मंत्री प्रताप जेना का आरोप: घर में घुसकर उपद्रवियों ने फैलाया आतंक, अपनी ही पार्टी के विधायक पर मढ़ा आरोप

भुवनेश्वर। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में शुक्रवार देर रात उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ युवाओं के समूह ने वरिष्ठ बीजद नेता प्रताप जेना के घर के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूत्रों के अनुसार, उपद्रवियों ने पटाखे फोड़े और नारेबाजी की। आरोप है कि कुछ लोगों ने सुरक्षा गार्डों को हथियार दिखाकर धमकाया। प्रताप जेना ने इस घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि यह सामान्य उपद्रव नहीं, बल्कि हथियारों के बल पर फैलाया गया भय था।
जेना का आरोप है कि नशे में धुत 15 से 20 लोग जबरन उनके घर में घुस आए और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट की। उन्होंने यह भी कहा कि घर के भीतर मौजूद उनके परिवार के सदस्यों को भी धमकाया गया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किए गए एक वीडियो में जेना ने बीजद के ही एक अन्य विधायक पर इस घटना की साजिश रचने का आरोप लगाया और इसे राजनीतिक रूप से प्रेरित बताया।
घटना के बाद जेना ने मुख्यमंत्री मोहन माझी और पुलिस महानिदेशक वाई बी खुरानिया से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। साथ ही, जेना के आवास के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।



