आसमान पर टिकी निगाहें: देशभर में आज शव्वाल का चांद देखने की अपील, इबादत के साथ ईद के स्वागत की तैयारी

नई दिल्ली। दुनिया भर के मुसलमानों के सबसे बड़े त्योहार Eid al-Fitr को लेकर इंतजार जारी है। पवित्र महीने Ramadan के समापन के बाद यह पर्व खुशियां और भाईचारे का संदेश लेकर आता है।
गुरुवार, 19 मार्च को भारत में रोजे का 29वां दिन है। सऊदी अरब में सुप्रीम कोर्ट ने लोगों से शव्वाल का चांद देखने की अपील की थी, लेकिन बुधवार को चांद नजर नहीं आया। ऐसे में वहां 19 मार्च को चांद दिखने की संभावना है और 20 मार्च को ईद मनाए जाने के आसार हैं।
भारत में भी ईद का त्योहार चांद दिखने पर निर्भर करता है। यदि 19 मार्च को चांद नजर आता है तो 20 मार्च को ईद मनाई जाएगी, अन्यथा 20 मार्च को चांद दिखने पर 21 मार्च को ईद का त्योहार मनाया जाएगा। आमतौर पर भौगोलिक अंतर के कारण भारत में ईद सऊदी अरब के एक दिन बाद मनाई जाती है।
ईद-उल-फितर इस्लामिक कैलेंडर के दसवें महीने शव्वाल की पहली तारीख को मनाई जाती है। रमजान का महीना 29 या 30 दिनों का होता है और इसके समापन के बाद ईद का त्योहार मनाया जाता है। इस्लामिक कैलेंडर चंद्रमा के चक्र पर आधारित होता है, इसलिए नए महीने की शुरुआत चांद दिखने के साथ ही मानी जाती है।



