राजस्व मंत्री के जवाब पर असंतोष: अवैध प्लॉटिंग मामले में विपक्ष ने किया सदन का त्याग, कार्रवाई को बताया नाकाफी

रायपुर। विधानसभा में मंगलवार को अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनी के मुद्दे पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा को विपक्ष के साथ-साथ सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी घेर लिया। बहिर्गमन से पहले विपक्ष ने मंत्री पर अवैध कारोबार करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
धमतरी और कांकेर में अवैध प्लॉटिंग का मुद्दा उठाते हुए विधायक अंबिका मरकाम ने 2024 से 31 जनवरी 2026 तक मिली शिकायतों और कार्रवाई की जानकारी मांगी। इस पर राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बताया कि धमतरी में 3 और कांकेर में 5 शिकायतें प्राप्त हुई हैं।
मंत्री ने कहा कि कुल 175 खसरों में से 8 की जांच पूरी की गई है, जबकि अन्य मामलों में जांच और कार्रवाई जारी है। अब तक 3 पटवारियों का इंक्रीमेंट रोका गया है और कई अधिकारी-कर्मचारियों को नोटिस जारी किए गए हैं।
मंत्री के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने मामले की जांच आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा से कराने की मांग की। इस दौरान सत्ता पक्ष के विधायक अजय चंद्राकर ने भी अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनी के मुद्दे को उठाया।



