ऑस्कर स्टेज पर राजनीतिक संदेश: जेवियर बार्डेम ने की फ्री फिलिस्तीन की मांग, वीडियो हुआ वायरल

नई दिल्ली। 98वें एकेडमी अवॉर्ड्स यानी ऑस्कर 2026 में स्पेनिश अभिनेता जेवियर बार्डेम ने अपने बयान से दुनियाभर का ध्यान खींच लिया। वह ऑस्कर मंच पर प्रियंका चोपड़ा के साथ बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म का अवॉर्ड प्रस्तुत करने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मौजूदा वैश्विक हालात पर टिप्पणी करते हुए एक मजबूत राजनीतिक संदेश दिया, जिसकी व्यापक चर्चा हो रही है।
समारोह के दौरान जेवियर बार्डेम ने युद्ध का विरोध करते हुए फिलिस्तीन के समर्थन में आवाज उठाई। उनके बयान पर डॉल्बी थिएटर तालियों की गूंज से भर उठा। मंच पर उनके साथ मौजूद प्रियंका चोपड़ा ने भी उनकी बात पर प्रतिक्रिया दी। इस दौरान दोनों की मौजूदगी खास चर्चा का विषय रही।
जेवियर बार्डेम ने समारोह में अपने परिधान के जरिए भी संदेश दिया। उन्होंने एक बैज लगाया था, जिस पर स्पेनिश भाषा में ‘नो अ ला गुएर्रा’ यानी ‘युद्ध नहीं’ लिखा था। बार्डेम पहले भी कई मौकों पर युद्ध विरोधी रुख और फिलिस्तीन के समर्थन में अपनी बात खुलकर रख चुके हैं।
उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। कुछ लोग उनकी बेबाकी और साहस की सराहना कर रहे हैं, जबकि कुछ ने उनके बयान की आलोचना भी की है।
ऑस्कर 2026 का यह क्षण समारोह के चर्चित पलों में शामिल हो गया है और जेवियर बार्डेम का संदेश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस का विषय बना हुआ है।



