विधानसभा बजट सत्र का आज 11वां दिन, कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 11वां दिन है। आज सदन में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इस दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस भी देखने को मिल सकती है।
प्रश्नकाल के दौरान खाद्य मंत्री दयालदास बघेल और महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने-अपने विभागों से संबंधित सवालों के जवाब देंगे। सदन की कार्यवाही के दौरान राज्यपाल द्वारा लौटाए गए एक विधेयक की सूचना भी पढ़ी जाएगी।
इसके अलावा विधानसभा में विधायक धरमलाल कौशिक और बालेश्वर साहू विभागीय मंत्रियों का ध्यानाकर्षण कराएंगे। वहीं विधायक रिकेश सेन, इंद्र शाह मंडावी और अटल श्रीवास्तव सदन में याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे।
आज की कार्यवाही को लेकर राजनीतिक हलकों में भी उत्सुकता बनी हुई है, क्योंकि कई मुद्दों पर सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ सकते हैं।



