नेपाल हादसा: मनकामना दर्शन कर लौट रहे 7 भारतीयों की मौत, गहरी खाई में पलटी बस

काठमांडू। नेपाल के मध्य क्षेत्र में भारतीय श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक बस खाई में गिर गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य तत्काल शुरू किया गया।
पुलिस के अनुसार, हादसा शनिवार को गंडकी प्रांत के गोरखा जिले में हुआ। श्रद्धालुओं को लेकर जा रही बस मनकामना मंदिर से लौट रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
जिला यातायात पुलिस कार्यालय गोरखा के प्रमुख सूरज आर्यल ने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक भारतीय नागरिक बताए गए हैं।
मृतकों की पहचान मुथु कुमार (58), अनामलिक (58), मीनाक्षी (59), शिवगामी (53), विजयल (57), मीना (58) और तमिलारसी (60) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल सात अन्य लोगों को बचाकर आंबुखैरेनी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि बस इलेक्ट्रिक थी। हादसे में चालक बाल-बाल बच गया, जबकि उसका सहायक घायल हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



