मुख्यमंत्री और जापानी मंत्री के बीच प्रदेश में औद्योगिक निवेश पर चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में जापान दूतावास के राजनीतिक मामलों के मंत्री आबे नोरिआकि ने सौजन्य मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री और जापानी मंत्री के बीच छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश, आर्थिक सहयोग और विकास की नई संभावनाओं को लेकर सार्थक चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने आबे नोरिआकि का शॉल ओढ़ाकर और भगवान राम की प्रतिमा भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने अपनी पिछली जापान यात्रा का स्मरण करते हुए उन्हें राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने जापानी प्रतिनिधिमंडल को बताया कि छत्तीसगढ़ में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए अनुकूल नीतियां बनाई गई हैं और विभिन्न क्षेत्रों में विकास के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि राज्य में उद्योगों के विकास के लिए बेहतर आधारभूत ढांचा, प्रचुर प्राकृतिक संसाधन और सकारात्मक वातावरण मौजूद है, जो निवेशकों के लिए काफी आकर्षक है। इस विशेष मुलाकात के दौरान विधायक किरण देव और विधायक सुशांत शुक्ला भी उपस्थित रहे।



