UPSC 2025 में सफल छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों से CM साय का संवाद, कहा– आपकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणा…

रायपुर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफल हुए छत्तीसगढ़ के अभ्यर्थियों से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद कर उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री साय ने इस दौरान रायगढ़ जिले के खरसिया निवासी रौनक अग्रवाल, रायपुर निवासी संजय डहरिया, धमतरी जिले के परसवानी निवासी डायमंड सिंह ध्रुव और एमसीबी जिले के जनकपुर की दर्शना सिंह से बातचीत की। उन्होंने अभ्यर्थियों के परिवारजनों से भी चर्चा कर इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी।
सीएम साय ने कहा कि इन युवाओं ने अपनी मेहनत, लगन और धैर्य के बल पर प्रतिष्ठित यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर पूरे प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह संदेश देती है कि निरंतर प्रयास और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी ऊँचाई को हासिल किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के दूरस्थ क्षेत्रों से भी युवाओं का सिविल सेवा में चयन होना इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने सभी सफल अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि ये युवा प्रशासनिक सेवाओं में रहकर निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा करेंगे।



