ईरान-इजरायल युद्ध: तेहरान में मोबाइल नेटवर्क ठप और एयरस्पेस बंद, ट्रंप की लीडरशिप में इजरायल की बड़ी सैन्य कार्रवाई

नई दिल्ली। इजरायल ने शनिवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान सहित कई शहरों पर हमला कर दिया। हमलों के बाद कई इलाकों में धुएं के गुबार उठते देखे गए। बताया जा रहा है कि हमलों का लक्ष्य ईरान के राष्ट्रपति को निशाना बनाना था।
हमले के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान पर की गई कार्रवाई का उद्देश्य इजरायल के सामने मौजूद अस्तित्व के खतरे को दूर करना था। उन्होंने कहा कि इजरायल और अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई बहादुर ईरानी जनता को अपनी किस्मत अपने हाथों में लेने का अवसर देगी। नेतन्याहू ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व की भी सराहना की।
ईरान की समाचार एजेंसी आईआरएनए ने राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों के हवाले से बताया है कि राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन इजरायली हमलों के बाद सुरक्षित हैं और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। इससे पहले कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया था कि उन्हें निशाना बनाया गया था। फिलहाल किसी भी प्रकार के आधिकारिक हताहतों की जानकारी सामने नहीं आई है। तेहरान में एहतियात के तौर पर एयरस्पेस बंद कर दिया गया है और मोबाइल नेटवर्क प्रभावित होने की भी खबर है।
इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद ईरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ईरान की ओर से एक साथ कई मिसाइलें दागी गई हैं।
इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के लोगों से अपने घरों में सुरक्षित रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाहर हालात खतरनाक हैं और लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।


