फ्री पास के लिए मची होड़: हजारों लोगों के लॉग-इन से ‘फाइंड योर वाइब’ वेबसाइट ठप, आज होगा भव्य आयोजन

रायपुर। आध्यात्म और आधुनिक संगीत के अनोखे संगम भजन क्लबिंग कार्यक्रम को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के निशुल्क प्रवेश पास शनिवार सुबह Find Your Vibe वेबसाइट पर जारी किए गए, लेकिन कुछ ही समय में बड़ी संख्या में लोगों के लॉग इन करने की कोशिश के चलते वेबसाइट क्रैश हो गई।
आयोजकों के अनुसार कम समय में हजारों लोगों की रुचि और सहभागिता यह दर्शाती है कि भजन क्लबिंग कार्यक्रम खासतौर पर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उल्लेखनीय है कि इतने भव्य और आधुनिक स्वरूप वाले इस आयोजन को पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
कार्यक्रम को लेकर आम लोगों में खासा उत्साह है। लोग न केवल प्रवेश पास के लिए उत्सुक हैं, बल्कि इस अनोखे अनुभव का हिस्सा बनने के लिए भी उत्साहित हैं, जहां भक्ति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा का संगम देखने को मिलेगा।
आज आयोजित होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम को लेकर लोगों में उत्साह और बढ़ गया है।


