बिलासपुर हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, परिसर में मचा हड़कंप, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और हाईकोर्ट परिसर में सघन जांच शुरू कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार धमकी मिलने के बाद बम स्क्वॉड की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया गया। पूरे परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश के कई जिला न्यायालयों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। इनमें राजनांदगांव, जांजगीर-चांपा और जगदलपुर के जिला न्यायालय शामिल हैं। हालांकि पूर्व में मिली धमकियां जांच के दौरान अफवाह साबित हुई थीं, लेकिन प्रशासन किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरत रहा है।
फिलहाल हाईकोर्ट परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है और हर आने-जाने वाले पर कड़ी नजर रखी जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं।



