तिल्दा-खरोरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आने से दोपहिया सवार की मौके पर ही मौत

तिल्दा। नेवरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत तिल्दा-खरोरा मुख्य मार्ग पर अग्रवाल होंडा के पास एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दोपहिया वाहन चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात बहाल कराया।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहिया वाहन क्रमांक सीजी 04 एल डी 1796 का चालक मार्ग से गुजर रहा था, तभी वह ट्रक क्रमांक आर जे 48 जी बी 1666 की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार पहले एक हाईवा से टकराया और अनियंत्रित होकर ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक तिल्दा से खरोरा की ओर जा रहा था। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया है।
घटना की सूचना मिलने पर नेवरा थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी पुलिस टीम के साथ पहुंचे। पुलिस ने शव को सड़क से हटवाकर जाम खुलवाया। इस दौरान स्थानीय नागरिक लक्ष्मी नारायण वर्मा ने भी सहायता प्रदान की। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। नेवरा पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



