भारत मंडपम प्रदर्शन: 20 घंटे की पूछताछ के बाद यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार

नई दिल्ली। भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। वे भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। करीब 20 घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की। कांग्रेस सांसद शशिकांत सेंथिल ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मंगलवार तड़के करीब 4.30 बजे पुलिस ने उदय भानु को गिरफ्तार किया।
हालांकि, इस मामले में दिल्ली पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने उदय भानु चिब को हिरासत में लेकर करीब 20 घंटे तक पूछताछ की थी।
कांग्रेस ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया है। शशिकांत सेंथिल ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर कहा कि 20 घंटे से अधिक पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने सुबह 4 बजे उदय भानु को गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि उन्हें उदय और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर गर्व है और युवाओं के मुद्दों पर उनकी लड़ाई जारी रहेगी।
गौरतलब है कि इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है। इस मामले में युवा कांग्रेस के कई नेताओं को समन जारी किए गए हैं। अब तक सात लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
कौन हैं उदय भानु चिब
उदय भानु चिब जम्मू कश्मीर के पलौड़ा क्षेत्र के निवासी हैं। वे कांग्रेस नेता हरि सिंह चिब के पुत्र हैं। उनकी राजनीतिक यात्रा छात्र संगठन एनएसयूआई से शुरू हुई। वे पहले जम्मू कश्मीर एनएसयूआई के अध्यक्ष बने, फिर राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी संभाली। बाद में उन्हें जम्मू कश्मीर युवा कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया। संगठन में सक्रिय भूमिका और नेतृत्व क्षमता के आधार पर उन्हें भारतीय युवा कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया।



