मौत को छूकर लौटे स्पाइसजेट के यात्री: उड़ान भरते ही इंजन से निकली आग, दिल्ली में आपात लैंडिंग

नई दिल्ली। दिल्ली से लेह जा रहे स्पाइसजेट के एक विमान को उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। उड़ान के दौरान विमान में अचानक चिंगारी और आग जैसी स्थिति देखे जाने पर पायलट ने तत्काल विमान को वापस दिल्ली लौटाने का फैसला किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार तकनीकी खराबी इस आपात स्थिति का कारण बताई जा रही है।
घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया। विमान के सुरक्षित लैंड होने के बाद सभी यात्रियों को एहतियातन एयरपोर्ट पर ही रोका गया है। एयरलाइन और संबंधित एजेंसियों की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
देश में बढ़ रहीं आपात लैंडिंग और विमान हादसों की घटनाएं
वर्ष 2026 में अब तक देश में कम से कम तीन प्रमुख विमान हादसे सामने आ चुके हैं, जिनमें जानमाल का नुकसान हुआ है। ये घटनाएं मुख्य रूप से छोटे, चार्टर, एयर एम्बुलेंस या सैन्य विमानों से जुड़ी रही हैं। बड़े वाणिज्यिक यात्री विमानों में कोई बड़ा हादसा सामने नहीं आया है, हालांकि इमरजेंसी लैंडिंग की घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।
28 जनवरी को अजित पवार के विमान हादसे में उनके सहित छह लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 10 जनवरी 2026 को ओडिशा के पास IndiaOne Air का सेसना 208 विमान फोर्स्ड लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और कई लोग घायल हुए थे।
इसके अलावा 23 फरवरी 2026 को झारखंड में रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। इस हादसे में मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिक, अटेंडेंट और क्रू सहित कुल सात लोगों की मौत हो गई थी।



