बिलासपुर लूटकांड में बड़ा खुलासा, भाजपा पार्षद की हत्या की साजिश समेत तीन वारदातों का था प्लान

बिलासपुर। 17 फरवरी को सराफा व्यवसायी से हुई लूट की घटना में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी शहर में कांट्रेक्ट किलिंग की सुपारी लेकर आए थे। उनके निशाने पर भाजपा पार्षद और व्यापारी बंधु मौर्य की हत्या के साथ-साथ एक ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी और होटल व्यवसायी से लूट की कोशिश भी शामिल थी। मामले में अब तक सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने बताया कि 17 फरवरी को महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर हमला कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों की पहचान कर उत्तरप्रदेश पुलिस की मदद से मिर्जापुर से गिरफ्तार किया और लूटा गया पूरा माल बरामद कर लिया। आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर बिलासपुर लाकर रिमांड में पूछताछ की गई, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए।
जांच में पता चला कि आरोपियों को शहर के नारद श्रीवास ने बुलाया था। उसने विनोद प्रजापति को फोन कर मोटी रकम का लालच देकर बिलासपुर बुलाया। राजकिशोर नगर स्थित एक होटल में ठहराने के बाद हत्या और लूट की साजिश रची गई। राजू सोनकर नामक व्यक्ति ने भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या के लिए 25 लाख रुपये देने की बात कही थी और छह लाख रुपये एडवांस भी दिए थे। आरोपियों ने बंधु मौर्य की रेकी की और दिसंबर में उन्हें रोककर लूट और हत्या का प्रयास किया, लेकिन वे बच निकले।
इसके बाद ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी और एक होटल व्यवसायी को लूटने की भी योजना बनाई गई, परंतु वे सफल नहीं हो सके। फरवरी में दोबारा योजना बनाकर आरोपियों ने महालक्ष्मी ज्वेलर्स को निशाना बनाया। 17 फरवरी की रात दुकान बंद कर घर जा रहे संतोष तिवारी की कार को टक्कर मारकर रोका गया और पिस्टल की नोक पर मारपीट कर सोना लूट लिया गया।
पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे मामले की जांच जारी है।



