मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संत गाडगे बाबा की 150वीं जयंती पर दी श्रद्धांजलि

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्र संत शिरोमणि गाडगे बाबा की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित निर्मल दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संत गाडगे बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और समाज सेवा व स्वच्छता के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि संत गाडगे बाबा ने स्वच्छता को ही सच्ची पूजा माना और समाज को जागरूक करने का संदेश दिया। उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छ भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान अब एक जनआंदोलन बन चुका है, जिससे विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं को सम्मान और सुरक्षा मिली है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री आवास और जनधन योजना ने गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
शिक्षा और नशामुक्ति पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारा संकल्प है। उन्होंने समाज से अपील की कि बच्चों को बेहतर शिक्षा से जोड़ें और युवाओं को नशे की बुराइयों से दूर रखें। इस अवसर पर उन्होंने संत गाडगे बाबा के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया और समाज के प्रतिभावान बच्चों व विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पद्मश्री पंडित रामलाल बरेठ और रजक समाज के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।



