पिकनिक मनाकर लौट रहे ग्रामीणों के साथ हादसा: ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर मौत, 5 अस्पताल में भर्ती

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा राजहरा थाना क्षेत्र के पत्थराटोला गांव के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर में 20 से अधिक ग्रामीण सवार थे, जो रजही डेम के किनारे खटला खाने गए थे। भोजन के बाद सभी लोग पथरकटोला होते हुए अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया।
हादसे में चालक गौकरण दर्रो (40 वर्ष) ट्रैक्टर के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर में सवार पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर में क्षमता से अधिक लोग सवार थे, जिससे हादसे की आशंका बढ़ गई थी। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



