हाथी शावक की मौत: तमनार रेंज में मिला शव, जांच में जुटा वन विभाग

रायगढ़। जिले के तमनार रेंज में हाथी के एक शावक का शव मिलने से वन विभाग में चिंता बढ़ गई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही शावक की मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
वन विभाग ने आसपास के क्षेत्रों में हाथियों के झुंड की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। तमनार रेंज के अलावा धर्मजयगढ़ और रायगढ़ वन मंडल में भी हाल के दिनों में हाथी शावकों की मौत के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे विभाग की चिंता और बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार जिले में हाथियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले कुछ वर्षों में शावकों की जन्म दर में भी वृद्धि हुई है। ऐसे में शावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उनकी सतत निगरानी रखना वन विभाग के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है।
वन अधिकारियों ने बताया कि हाथियों और उनके झुंड की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों को भी हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है।



