छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने घोषित किए व्यवहार न्यायाधीश परीक्षा के परिणाम, 57 अभ्यर्थी चयनित

रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग द्वारा व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा 2024 के तहत 57 पदों पर भर्ती के लिए चयन सूची तैयार करने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। यह भर्ती विधि एवं विधायी कार्य विभाग के अंतर्गत की जा रही है।
भर्ती प्रक्रिया आयोग के विज्ञापन क्रमांक 04/2024 दिनांक 23 दिसंबर 2024 तथा रोजगार समाचार में 25 दिसंबर 2024 को प्रकाशन के साथ प्रारंभ हुई थी। बाद में 23 जनवरी 2025 को शुद्धि पत्र जारी कर आवश्यक संशोधन किए गए थे।
मुख्य परीक्षा 21 दिसंबर 2025 को आयोजित की गई थी और उसका परिणाम 22 जनवरी 2026 को घोषित किया गया। नियमानुसार साक्षात्कार के लिए पदों के तीन गुना अभ्यर्थियों को बुलाया जाना था। इसके अनुसार 171 अभ्यर्थियों को आमंत्रित किया जाना था, लेकिन वर्गवार पात्रता के आधार पर कुल 183 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए चिन्हांकित किया गया।
साक्षात्कार प्रक्रिया 10 फरवरी से 20 फरवरी 2026 तक आयोजित हुई, जिसमें सभी 183 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। आयोग के अनुसार कोई भी अभ्यर्थी अनुपस्थित या अपात्र नहीं पाया गया और प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
अंतिम चयन सूची लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के कुल योग के मेरिट के आधार पर तैयार की गई है। वर्गवार मेरिट के अनुसार 57 पदों के विरुद्ध 57 अभ्यर्थियों का चयन किया जा रहा है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों को आगे की नियुक्ति संबंधी जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखने की सलाह दी है। भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निर्धारित नियमों के अनुरूप पूरी की गई है।



