धर्मांतरण कानून लाने की तैयारी में राज्य सरकार, उपमुख्यमंत्री बोले- बजट सत्र में पेश हो सकता है विधेयक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित धर्मांतरण विधेयक को आगामी बजट सत्र में पेश किया जा सकता है। यह संकेत उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने दिए। उन्होंने बताया कि 24 फरवरी को विधानसभा में बजट प्रस्तुत होना है और इसकी तैयारियां जारी हैं। धर्मांतरण संबंधी विधेयक पर भी विचार विमर्श चल रहा है और संभव है कि इसे इसी सत्र में लाया जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है और विधेयक से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। समय आने पर इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इंडिया एआई समिट में प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया
नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट 2026 के दौरान इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन पर भी उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रक्रिया को लेकर आपत्ति है तो संबंधित मंत्री के समक्ष विरोध दर्ज कराया जा सकता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में इस तरह का प्रदर्शन उचित नहीं है। उन्होंने इसे निंदनीय बताया और कहा कि हर मंच को राजनीति का माध्यम बनाना सही नहीं है।
मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन पर टिप्पणी
उपमुख्यमंत्री ने मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के अंतिम प्रकाशन पर कहा कि सूची में समय समय पर पाई जाने वाली त्रुटियों को सुधारना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जो लोग संबंधित स्थान पर निवास नहीं कर रहे हैं या जिनके नाम गलत तरीके से दर्ज हैं, उन्हें हटाया जाना चाहिए। सरकार का उद्देश्य मतदाता सूची को पारदर्शी और शुद्ध बनाना है।



