कलेक्टर के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई: भाटापारा की पोहा इंडस्ट्री का लाइसेंस सस्पेंड, सुधार के बाद ही मिलेगा संचालन का मौका

बलौदाबाजार। कलेक्टर दीपक सोनी के निर्देश पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा जिले में खाद्य सुरक्षा जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को भाटापारा के खोखली स्थित अविनाश इंडस्ट्रीज की जांच की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
अभिहित अधिकारी अक्षय कुमार सोनी ने बताया कि ऑनलाइन वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि फूड हैंडलर बिना मास्क, हेड कवर और ग्लव्स के अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पोहा का निर्माण कर रहे थे।
जांच में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के तहत कर्मचारियों के वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण के दस्तावेज तथा कीट नियंत्रण के समुचित प्रबंध भी नहीं मिले। विभाग ने नायलॉन पोहा का नमूना लेकर खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया है।
फर्म को सुधारात्मक नोटिस जारी करते हुए खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और लाइसेंस बहाल होने के बाद ही संचालन की अनुमति दी जाएगी।



