भ्रष्टाचार की सड़क: मांडवा में घटिया निर्माण देख ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, कलेक्ट्रेट घेराव की दी चेतावनी

बुरहानपुर। जिले के नेपानगर क्षेत्र की मांडवा ग्राम पंचायत में बनी डामरी सड़क निर्माण के दो दिन बाद ही उखड़ने लगी। करीब 50 लाख रुपये की लागत से बनी सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोगों ने इसे भ्रष्टाचार का मामला बताया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य का निरीक्षण नहीं होने से ठेकेदार ने लापरवाही बरती। जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के कारण सड़क निर्माण में गुणवत्ता नहीं रखी गई और डामर की परत जल्द ही निकलने लगी।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्माण
आदिवासी बहुल क्षेत्र मांडवा से बदनापुर मार्ग पर लगभग 7.5 किलोमीटर लंबी सड़क बनाई गई है। ग्रामीणों के अनुसार निर्माण के महज दो दिन बाद ही सड़क की परत उखड़ने लगी, जिससे लोगों में नाराजगी फैल गई। ग्रामीणों और युवाओं ने मौके पर विरोध प्रदर्शन कर ठेकेदार पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया।
विधायक पर सवाल, आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने क्षेत्र की विधायक मंजू दादू पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं होने पर कलेक्ट्रेट का घेराव किया जाएगा।
जांच के बाद कार्रवाई की बात
कंपनी के सुपरवाइजर विनय फूलमालि ने निर्माण में कमी स्वीकार करते हुए मरम्मत का आश्वासन दिया है। नेपानगर एसडीएम भागीरथ वाखला ने कहा कि सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बनाई जा रही है और जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह सड़क ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।



