ईमेल से मिली पीपल्स यूनिवर्सिटी को उड़ाने की धमकी, निशातपुरा पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर तैनात

भोपाल। राजधानी में एक निजी विश्वविद्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर खाली करा लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी है। मामला निशातपुरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार पीपल्स यूनिवर्सिटी को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसमें कॉलेज भवन में बम रखने का दावा किया गया। मेल में लिखा गया कि परिसर में सायनाइड पॉइजन वाले बम लगाए गए हैं जो दोपहर 12:15 बजे विस्फोट करेंगे और सुबह 11 बजे तक डॉक्टरों और छात्रों को बाहर निकालने की चेतावनी दी गई।
धमकी भरे मेल में लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम का भी उल्लेख किया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की तलाशी शुरू कर दी गई।
सुरक्षा के मद्देनजर विश्वविद्यालय को खाली करा दिया गया है। निशातपुरा थाना पुलिस आसपास के क्षेत्र में गहन जांच कर रही है और ईमेल भेजने वाले की तलाश की जा रही है।



