केंद्र में मुस्लिम मंत्री बनाने की मांग, पूर्व आईएएस नियाज खान ने सोशल मीडिया पर लिखी अपनी राय

भोपाल। मध्यप्रदेश कैडर के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी नियाज खान अपने बेबाक बयानों को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने बांग्लादेश के संदर्भ में केंद्र सरकार से मुस्लिम मंत्री बनाने की अपील की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा कि बांग्लादेश में दो हिंदू मंत्री बनाए जाने से खुशी हुई। वहां करीब एक करोड़ हिंदू हैं और दो मंत्री हैं, जबकि भारत में लगभग 20 करोड़ मुस्लिम होने के बावजूद केंद्र सरकार में एक भी मुस्लिम मंत्री नहीं है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस से विनम्र निवेदन करते हुए 2 से 3 मुस्लिम मंत्री बनाने पर गंभीर चिंतन करने की बात कही।
इससे पहले भी वह अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। उन्होंने यूजीसी एक्ट को लेकर ब्राह्मणों को उनकी आबादी के अनुसार आरक्षण देने की वकालत की थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि इस्लाम अरब का धर्म है और भारत में हर व्यक्ति पहले हिंदू था तथा मुसलमानों से अपील की थी कि वे अरबों को आदर्श मानने के बजाय हिंदुओं को अपना भाई मानें।



