पीएम मोदी ने ओम बिरला के हाथों भेजी तारिक रहमान को खास चिट्ठी, साझा इतिहास और उज्ज्वल भविष्य का दिया हवाला

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भेजे पत्र में दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई है। हाल ही में हुए संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की जीत के बाद तारिक रहमान ने पदभार संभाला है।
तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का आमंत्रण मिलने के बावजूद व्यस्तता के कारण प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके और उन्होंने ओम बिरला को प्रतिनिधि के रूप में भेजा। इसी दौरान मोदी ने बिरला के हाथों अपने समकक्ष के नाम पत्र भी भेजा।
पत्र में क्या कहा गया
प्रधानमंत्री मोदी ने पत्र में चुनाव जीत और प्रधानमंत्री पद संभालने पर बधाई देते हुए लिखा कि यह जनादेश बांग्लादेश की जनता का उनके नेतृत्व पर विश्वास दर्शाता है। उन्होंने कहा कि भारत और बांग्लादेश साझा इतिहास, सांस्कृतिक संबंध और शांति-समृद्धि की आकांक्षाओं से जुड़े निकट पड़ोसी देश हैं और विकास प्राथमिकताओं में समन्वय भविष्य के सहयोग का आधार बनेगा।
द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने की इच्छा
मोदी ने लिखा कि दोनों देश कनेक्टिविटी, व्यापार, प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कौशल विकास, ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा और सांस्कृतिक संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से विकसित हो रही दोनों अर्थव्यवस्थाएं पारस्परिक विकास और सुरक्षा में एक-दूसरे की भागीदार बन सकती हैं।
भारत आने का निमंत्रण
प्रधानमंत्री मोदी ने तारिक रहमान को परिवार सहित सुविधाजनक समय पर भारत आने का आमंत्रण भी दिया और उनके स्वास्थ्य, सफलता तथा बांग्लादेश की जनता की प्रगति की कामना की।


