हाई बीपी और ब्रेन ब्लीडिंग की शिकायत के बाद सलीम खान अस्पताल में, डॉक्टरों की विशेष टीम कर रही निगरानी

मुंबई। बॉलीवुड के दिग्गज लेखक सलीम खान को मंगलवार सुबह करीब 8.30 बजे लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुरुआत में डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई, हालांकि देर रात उन्हें वेंटिलेटर पर रखने की खबरें सामने आईं। इस संबंध में अस्पताल या परिवार की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
तबीयत बिगड़ने की वजह
जानकारी के अनुसार घबराहट और हाई ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था। बाद में दिमाग में खून का थक्का जमने और ब्लीडिंग की आशंका सामने आई। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी कर रही है और जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन की संभावना भी जताई गई है। सुबह 11 बजे स्वास्थ्य बुलेटिन जारी किया जाना है।
परिवार पहुंचा अस्पताल
पिता की तबीयत बिगड़ने की खबर मिलते ही सलमान खान शूटिंग छोड़कर अस्पताल पहुंचे। उनके अलावा अरबाज खान, अलवीरा, अर्पिता, अतुल अग्निहोत्री और आयुष शर्मा भी अस्पताल पहुंचे। पत्नी सलमा खान और हेलेन भी उनके साथ मौजूद हैं।
करीबी मित्रों ने लिया हालचाल
मशहूर लेखक जावेद अख्तर और अभिनेता संजय दत्त भी अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य की जानकारी ली। अस्पताल के बाहर लगातार लोगों की आवाजाही बनी हुई है।
फैंस कर रहे दुआ
सलीम खान के अस्पताल में भर्ती होने की खबर से प्रशंसक चिंतित हैं और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।



