वर्ल्डवाइड 61 करोड़ पार हुई ‘ओ रोमियो’: ‘देवा’ से बेहतर प्रदर्शन, लेकिन हिट होने के लिए तय करना होगा लंबा सफर

मुंबई। शाहिद कपूर की फिल्म ओ रोमियो को रिलीज हुए पांच दिन पूरे हो गए हैं। फिल्म में विशाल भारद्वाज का वही खास निर्देशन अंदाज देखने को मिला है, जिसे दर्शक लंबे समय से पसंद करते रहे हैं। फिल्म के गाने, एक्शन और तृप्ति डिमरी का अभिनय भी सराहा जा रहा है। वहीं नाना पाटेकर पुलिस अधिकारी की भूमिका में हल्के हास्य के साथ प्रभाव छोड़ते नजर आए हैं। इसके बावजूद फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के अनुरूप प्रतिक्रिया नहीं मिल रही है।
इससे पहले शाहिद कपूर की फिल्म देवा बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं रही थी, लेकिन ओ रोमियो उसकी कमाई से आगे निकल चुकी है। निर्माता साजिद नाडियाडवाला के अनुसार फिल्म ने दुनियाभर में 61.75 करोड़ रुपये का कारोबार कर लिया है, जिसमें करीब 15 करोड़ रुपये की कमाई विदेशों से हुई है।
पांचवें दिन की कमाई
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक फिल्म ने पांचवें दिन लगभग 4.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पहले दिन 8.5 करोड़ रुपये से शुरुआत करने वाली फिल्म ने दूसरे दिन 12.65 करोड़ और तीसरे दिन 9 करोड़ रुपये कमाए। भारतीय बॉक्स ऑफिस पर अब तक फिल्म की कुल कमाई करीब 34.9 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन लगभग 46.75 करोड़ रुपये पहुंच गया है। फिल्म का बजट करीब 150 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
रिकॉर्ड तक पहुंचना अभी बाकी
शाहिद कपूर की सबसे बड़ी हिट बनने के लिए फिल्म को पद्मावत का रिकॉर्ड पार करना होगा। फिल्म में कैमियो भूमिका में तमन्ना भाटिया और विक्रांत मैसी भी नजर आए हैं, जबकि अविनाश तिवारी का किरदार कहानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। दर्शकों की प्रतिक्रिया सकारात्मक है, लेकिन फिल्म को हिट होने के लिए अभी लंबा सफर तय करना बाकी है।



