पेंशन योजना में करोड़ों की ठगी: कागजों पर मृत दिखाकर निकाली राशि, दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सेंटर संचालक को दबोचा

दुर्ग। राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली के खातों में फर्जी मृत्यु दावा प्रस्तुत कर करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। मामला पाटन थाना क्षेत्र का है।
HDFC Bank के बोकारो झारखंड स्थित प्रबंधक ने पाटन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि एनपीएस से जुड़े खातों में फर्जी मृत्यु दावा लगाकर लगभग 1 करोड़ 19 लाख रुपये निकाल लिए गए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि जिन व्यक्तियों को दस्तावेजों में मृत दिखाया गया था, वे वास्तव में जीवित हैं। आरोपियों ने कागजों में लोगों को मृत दर्शाकर फर्जी दावा प्रस्तुत कर राशि निकाल ली।
जांच में सामने आया कि राजेश कन्नौजिया दुर्ग में ऑनलाइन सेवा केंद्र संचालित करता था। वह ग्राहकों से आधार, पैन कार्ड और बैंक संबंधी जानकारी लेकर जाली दस्तावेज तैयार कर दावा प्रस्तुत करता था। अधिकतर पीड़ित सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। दस्तावेजों में गलत पते, अमान्य क्यूआर कोड और बैंक खातों के लेनदेन में अनियमितताएं पाई गईं।
पुलिस के अनुसार HDFC Life के पूर्व कर्मचारी राजेश ठाकुर ने अपने पद का दुरुपयोग करते हुए जाली दस्तावेज अपलोड किए और गलत सत्यापन किया। मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।



