मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कुम्हार के चाक पर आजमाया हाथ, पारंपरिक शिल्प और कारीगरों के सम्मान का दिया संदेश

बैकुंठपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का एक बेहद सहज और आत्मीय रूप कोरिया प्रवास के दौरान देखने को मिला। सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने बैकुंठपुर पहुंचे मुख्यमंत्री ने न केवल स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया, बल्कि स्वयं कुम्हार के चाक पर मिट्टी का दीया और कलश गढ़कर पारंपरिक शिल्प के प्रति अपना सम्मान प्रकट किया।
जिला पंचायत परिसर में आयोजित प्रदर्शनी के दौरान सोनहत निवासी शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति इलेक्ट्रिक चाक पर मिट्टी के बर्तन बनाने का प्रदर्शन कर रहे थे। मुख्यमंत्री जब उनके स्टॉल पर पहुंचे, तो उन्होंने बड़ी उत्सुकता से इस कला को देखा और फिर स्वयं चाक पर हाथ आजमाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने बड़ी कुशलता से घूमते हुए चाक पर रखी मिट्टी को हाथों से साधा और उसे एक सुंदर दीये का आकार दिया। मुख्यमंत्री के इस अंदाज को देखकर वहां मौजूद लोग उत्साहित हो उठे और तालियों के साथ उनका स्वागत किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने शिल्पकार देवी दयाल से उनके परिवार और व्यवसाय के बारे में आत्मीय चर्चा की। उन्होंने कारीगरों को शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक कला और ग्रामीण आजीविका को सशक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि स्थानीय हुनर को नई पहचान और बेहतर बाजार मिल सके। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रामविचार नेताम, श्याम बिहारी जायसवाल, दयाल दास बघेल, लक्ष्मी राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



