रायपुर के मालवीय रोड को ‘नो-वेंडिंग’ और ‘नो-पार्किंग’ जोन घोषित किया गया, प्रशासन ने जारी की नई कार्ययोजना

रायपुर। राजधानी के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रयासों के बाद पुलिस प्रशासन ने मालवीय रोड को ‘नो-वेंडिंग’ और ‘नो-पार्किंग’ जोन घोषित कर दिया है। यह निर्णय चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी और व्यापारिक संगठनों के साथ हुई बैठकों के बाद लिया गया है।
दरअसल, 28 जनवरी 2026 को चेम्बर भवन में नगर निगम और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में मालवीय रोड, जी.ई. रोड और के.के. रोड पर बढ़ते अतिक्रमण और फुटपाथों पर अवैध वेंडिंग की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया था। व्यापारियों की मांग थी कि बाजार क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं ताकि ग्राहकों को आवाजाही में परेशानी न हो।
पुलिस प्रशासन द्वारा लागू की गई नई कार्ययोजना के तहत अब मालवीय रोड, जी.ई. रोड और के.के. रोड पर ठेले-गुमटियों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही, प्रमुख चौक-चौराहों से 50 मीटर की परिधि में नो-पार्किंग जोन का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शहर के 18 प्रमुख चौराहों को ‘लेफ्ट फ्री’ किया जाएगा और रिंग रोड-1 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।
चेम्बर प्रदेश अध्यक्ष सतीश थौरानी ने प्रशासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे व्यापारियों की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि इन बदलावों से बाजार में ट्रैफिक का दबाव कम होगा और व्यापार में वृद्धि होगी। प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से रायपुर के मुख्य व्यापारिक क्षेत्रों की सूरत बदलेगी और आम जनता को जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी।



