मधुमक्खी के छत्ते पर पत्थर मारना राहगीरों को पड़ा भारी, हमले में दो ग्रामीण घायल

जगदलपुर। लोहंडीगुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम टाकररागुड़ा में कुछ असामाजिक तत्वों की लापरवाही राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई। सड़क किनारे स्थित मधुमक्खी के छत्ते पर पत्थर मारने के कारण उग्र हुई मधुमक्खियों ने वहां से गुजर रहे लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
जानकारी के अनुसार, लछिंधर नाग और संजय नाग नामक दो ग्रामीण बाइक से घरेलू सामान खरीदने के लिए निकले थे। इसी दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने उन्हें चारों ओर से घेर लिया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थिति इतनी भयावह थी कि अन्य राहगीरों को अपनी जान बचाने के लिए जमीन पर लेटना पड़ा, वहीं कई लोग अपने वाहन सड़क पर ही छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।
स्थानीय ग्रामीणों ने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति चिंता जताई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे गैर-जिम्मेदाराना कृत्य करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाए और क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।



