राजधानी के ऑक्सीजोन के पास बड़ी उठाईगिरी, एफसीआई अधिकारी की कार से 38 लाख रुपये पार

रायपुर। राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत ऑक्सीजोन के पास एक अधिकारी की कार से 38 लाख रुपये पार होने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार दोपहर की है, जब मंदिर हसौद निवासी एफसीआई अधिकारी ज्ञानप्रकाश पाण्डेय जमीन की रजिस्ट्री कराने कलेक्टोरेट स्थित रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचे थे। इस मामले में कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच ने अधिकारी के एक परिचित सहित चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर चोरी गई पूरी रकम बरामद कर ली है।
मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारी अपनी कार की सीट पर नोटों से भरा बैग रखकर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने बैग पार कर दिया। बैग गायब देख अधिकारी ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम गठित की गई और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को अधिकारी के ही एक परिचित पर संदेह हुआ। कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि जिस परिचित को अधिकारी ने रुपयों की रखवाली के लिए साथ रखा था, बड़ी रकम देखकर उसकी नियत बदल गई। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से शत-प्रतिशत रकम बरामद कर ली है और जल्द ही इस पूरे मामले का औपचारिक खुलासा करने की बात कही है।



