रोहित शेट्टी केस में अब तक 11 गिरफ्तार: हरियाणा से पकड़े गए शूटर, 50 हजार में मिली थी सुपारी

मुंबई। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग मामले में बड़ी सफलता मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच और स्पेशल टास्क फोर्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हरियाणा के बहादुरगढ़ से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अब मुंबई लाया जा रहा है।
हरियाणा एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण के अनुसार मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल ने सहायता मांगी थी। इसके बाद दोनों एजेंसियों ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर चारों आरोपियों को पकड़ा। मुख्य आरोपी दीपक को मेन शूटर बताया गया है, जो विदेश में बैठे हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई के संपर्क में था। फायरिंग में अत्याधुनिक हथियारों के उपयोग की जानकारी भी सामने आई है। चारों आरोपी उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
जांच में सामने आया कि दीपक ने निर्देशक के घर पर गोली चलाई थी। उसके साथी सन्नी और सोनू ने पहले घर के बाहर रेकी की थी, जबकि ऋतिक ने दीपक और उसके साथियों को छिपने में मदद की। इस मामले में अब तक कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले सात आरोपियों को पुणे और उत्तर प्रदेश से पकड़ा गया था, जबकि 15 जनवरी को चार आरोपियों को हरियाणा-राजस्थान सीमा से गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार दीपक सीधे तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े हरि बॉक्सर और आरजू बिश्नोई के संपर्क में था। सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क स्थापित होने के बाद फायरिंग की साजिश रची गई। दीपक को घटना को अंजाम देने के लिए 50 हजार रुपये दिए गए थे और आगे और रकम देने का वादा किया गया था।
मामले की आगे की जांच मुंबई पुलिस की एंटी एक्सटॉर्शन सेल के इंस्पेक्टर सुनील पवार की टीम को सौंप दी गई है। घटना 1 फरवरी की देर रात हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने निर्देशक की सुरक्षा बढ़ा दी थी। हमले की जिम्मेदारी हरि बॉक्सर ने ली थी। पुलिस ने 15 दिनों के भीतर सभी प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।



