चर्चा में आईएएस अवि प्रसाद की निजी जिंदगी: अंकिता धाकरे के साथ शुरू किया नया सफर

भोपाल। मध्य प्रदेश के चर्चित आईएएस अधिकारी अवि प्रसाद इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। 2014 बैच के इस अधिकारी ने हाल ही में तीसरी शादी की है। इसकी चर्चा सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में तेजी से हो रही है।
अवि प्रसाद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के निवासी हैं। यूपीएससी परीक्षा में सफलता से पहले वे भारतीय रिजर्व बैंक में कार्यरत थे। मध्य प्रदेश कैडर में शामिल होने के बाद उन्होंने कई जिलों में कलेक्टर और जिला पंचायत सीईओ के रूप में जिम्मेदारी निभाई। कटनी कलेक्टर के रूप में कुपोषण के खिलाफ उनकी पहल को सराहना मिली थी। वर्तमान में वे मध्य प्रदेश रोजगार गारंटी परिषद में मुख्य कार्यपालन अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं।
तीसरी शादी की खबर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अवि प्रसाद ने 2017 बैच की आईएएस अधिकारी अंकिता धाकरे से 11 फरवरी 2026 को विवाह किया। यह समारोह कूनो नेशनल पार्क स्थित एक एमपीटी होटल में सादगी और गोपनीयता के साथ संपन्न हुआ। इसमें दोनों परिवारों के करीबी सदस्य ही शामिल हुए।
अंकिता धाकरे वर्तमान में राज्य मंत्रालय में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर कार्यरत हैं। वे मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले की निवासी हैं। उनके पिता रविंद्र सिंह धाकरे सेवानिवृत्त फूड ऑफिसर हैं। अंकिता पूर्व में कई जिलों में एसडीएम के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं।
पहली दो शादियां और तलाक
अवि प्रसाद की पहली शादी 2014 बैच की आईएएस अधिकारी रिजु बाफना से हुई थी। दोनों की मुलाकात यूपीएससी की तैयारी के दौरान दिल्ली में हुई थी। बाद में दोनों का तलाक हो गया। रिजु बाफना वर्तमान में शाजापुर जिले में कलेक्टर हैं।
इसके बाद उन्होंने 2016 बैच की आईएएस अधिकारी मिशा सिंह से विवाह किया। यह विवाह लगभग चार वर्ष तक चला, जिसके बाद दोनों अलग हो गए। मिशा सिंह फिलहाल रतलाम जिले में कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। गौरतलब है कि अवि प्रसाद की तीनों पत्नियां आईएएस अधिकारी रही हैं, जिससे यह मामला और अधिक चर्चा में है।



