धरदेई गांव में मातम: इकलौते पुत्र की मृत्यु के बाद पति-पत्नी ने की आत्महत्या

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के धरदेई गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। इकलौते बेटे की मौत के सदमे में उसके माता-पिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सोमवार सुबह दोनों की लाश एक पेड़ पर फंदे पर लटकी मिली।
मृतकों की पहचान रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले दंपति के इकलौते बेटे की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। बेटे की असमय मृत्यु से दोनों गहरे मानसिक आघात में थे। शुरुआती जांच में यही कारण सामने आ रहा है कि सदमे के चलते उन्होंने यह कदम उठाया।
सोमवार सुबह गांव वालों ने पेड़ पर दोनों को फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को सुरक्षित नीचे उतारा। पंचनामा तैयार करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है और आत्महत्या के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस इसे मानसिक आघात से जुड़ी घटना मान रही है।



