छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 जनवरी से, वित्त मंत्री ओपी चौधरी पेश करेंगे सरकार का तीसरा बजट

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र 23 जनवरी से शुरू होगा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी 24 जनवरी को सदन में सरकार का तीसरा बजट प्रस्तुत करेंगे।
वित्त मंत्री ने बताया कि यह बजट नई थीम और नए विजन के साथ पेश किया जाएगा। बजट की रणनीति वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को ध्यान में रखते हुए विजन डॉक्यूमेंट की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम होगा। बजट में 2047 तक के दीर्घकालीन लक्ष्य के साथ अल्पकालीन योजना का स्पष्ट रोडमैप भी शामिल रहेगा।
कांग्रेस द्वारा बजट को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि पूर्व में राजीव गांधी योजना के तहत चार किस्तों में राशि दी जाती थी, जबकि वर्तमान सरकार हर वर्ष उससे अधिक राशि प्रदान कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस पांच वर्षों में जितनी राशि नहीं दे सकी, उससे अधिक राशि वर्तमान सरकार दे रही है। हर साल 8000 करोड़ रुपये माता बहनों के खातों में हस्तांतरित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल आरोप प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है, जबकि सरकार विकास कार्यों पर केंद्रित है।



