मानिकपुर चौकी क्षेत्र में सड़क हादसा: दो बाइकों की टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोग घायल

कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र के बुधवारी बाईपास मुख्य मार्ग पर रविवार रात करीब 8 बजे दो बाइकों की आमने सामने टक्कर हो गई। हादसे में पांच वर्षीय बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना बुधवारी बाईपास स्थित श्रीवास भवन के पास हुई। एक तेज रफ्तार बाइक बुधवारी की ओर से आ रही थी, जिस पर दो युवक सवार थे। दूसरी बाइक टीपी नगर की ओर से आ रही थी, जिस पर पति पत्नी और उनका छोटा बच्चा बैठा था। दोनों बाइकों के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में बच्चे को गंभीर चोटें आईं, जबकि उसकी मां के सिर पर चोट लगी है। दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवकों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग और दुकानों के अतिक्रमण से यातायात प्रभावित रहता है। तेज रफ्तार और ओवरटेक करने के कारण यहां इस तरह की घटनाएं अक्सर होती रहती हैं।



