तेजस ठाकरे की तबीयत बिगड़ी: रिलायंस अस्पताल में कराया गया भर्ती, उद्धव और रश्मि ठाकरे साथ मौजूद

मुंबई। उद्धव ठाकरे के छोटे बेटे तेजस ठाकरे की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रिलायंस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। मेडिकल सूत्रों के अनुसार शुरुआती जांच के बाद उनकी हालत स्थिर है और स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। जांच पूरी होने के बाद उन्होंने बेहतर महसूस किया है। अस्पताल में उद्धव ठाकरे और रश्मी ठाकरे भी उनके साथ मौजूद हैं।
बताया गया है कि तेजस पिछले तीन दिनों से एक बीमारी का उपचार ले रहे थे, हालांकि बीमारी का विवरण सार्वजनिक नहीं किया गया है। बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें भर्ती कराया गया। वर्तमान में चिकित्सकीय निगरानी में उनका इलाज जारी है।
तेजस ठाकरे सक्रिय राजनीति में आधिकारिक रूप से शामिल नहीं हैं, लेकिन उन्हें शिवसेना के कार्यक्रमों और चुनाव प्रचार में देखा जाता रहा है। वे पेशे से वन्यजीव शोधकर्ता और फोटोग्राफर हैं तथा जैव विविधता के क्षेत्र में कार्य करते रहे हैं। उनके नाम पर एक सरीसृप प्रजाति का नाम भी रखा गया है।
वन्यजीव अनुसंधान में रुचि रखने वाले तेजस को रैलियों की बजाय जंगल और प्राकृतिक अध्ययन अधिक पसंद है। उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के अध्ययन और दस्तावेजीकरण में योगदान दिया है। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



