धमतरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कार से तस्करी कर रहे दो गांजा तस्कर गिरफ्तार, 32 लाख का माल जब्त

धमतरी। एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कार में गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 50.94 किलोग्राम गांजा, 2 लाख रुपये नगद, कार और मोबाइल सहित कुल 32,67,000 रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस को 14 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के केनाल रोड स्थित दुर्गा मंच के पीछे खाली मैदान में एक चारपहिया वाहन में सवार दो व्यक्ति अवैध रूप से गांजा रखकर ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में टीम मौके पर पहुंची और वाहन सवारों से पूछताछ की।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम हृषिकेश उर्फ ऋषिकेश उर्फ ऋषि सरोज और हिमांशु दामले बताया। तलाशी लेने पर वाहन में अलग-अलग पैकेटों में रखा गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 50 किलो 94 ग्राम गांजा, 2 लाख रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और एक कार जब्त कर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 88/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(सी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



