बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पंजाब में भारत-पाक सीमा के पास से मुख्य ड्रग सप्लायर गिरफ्तार

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने पंजाब के तरनतारन जिले से मुख्य आरोपी को दबोचा है, जिसका संबंध अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों से बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, कुछ समय पूर्व चकरभाठा पुलिस और एसीसीयू की टीम ने तीन स्थानीय आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 34 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पकड़े गए आरोपियों मोहित हिंदूजा, करन दीप सिंह और आर. रजिंदर कुमार से हुई पूछताछ में पंजाब कनेक्शन का खुलासा हुआ था। इसी कड़ी की जांच करते हुए पुलिस की एक विशेष टीम पंजाब पहुंची और तरनतारन जिले के खेमकरण क्षेत्र से 63 वर्षीय मुख्य सप्लायर बाला उर्फ बलराम सिंह सनियारे को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया है कि जिस गांव से आरोपी को पकड़ा गया है, वह भारत-पाकिस्तान सीमा से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। पुलिस को ऐसे संकेत मिले हैं कि पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में नशीले पदार्थ गिराए जाते हैं, जिन्हें बाद में देश के विभिन्न राज्यों में सप्लाई किया जाता है। बिलासपुर में खपाई जा रही हेरोइन की खेप भी इसी नेटवर्क का हिस्सा थी।
होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शराब और गांजे के साथ-साथ हेरोइन जैसे सूखे नशे के नेटवर्क को तोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि त्योहार के दौरान नशे की खपत बढ़ाने के लिए बाहरी राज्यों से बड़ी खेप पहुंच सकती है।
सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह ने बताया कि मुख्य सप्लायर को ट्रांजिट रिमांड पर बिलासपुर लाया जा रहा है। उसे एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद पूछताछ में इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।



