छिंदवाड़ा से झाबुआ तक कांग्रेस में खलबली: नियुक्तियां होने के दो दिन बाद ही छीनी गईं जिम्मेदारियां

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के चार जिलों की कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश के बाद अब इन जिलों में कार्यकारिणी का पुनर्गठन नई गाइडलाइनों के अनुसार किया जाएगा।
AICC ने राज्यों को आदेश दिया है कि छोटे जिलों में कार्यकारिणी में 31 और बड़े जिलों में 51 से ज्यादा सदस्य नहीं होने चाहिए। इसके मद्देनजर, मध्य प्रदेश कांग्रेस ने छिंदवाड़ा, सागर, मऊगंज और झाबुआ जिलों में कार्यकारिणी की जिम्मेदारियों को पूर्व पदाधिकारियों से वापस ले लिया है।
गौरतलब है कि AICC के निर्देश से केवल दो दिन पहले इन चार जिलों में कार्यकारिणी का गठन किया गया था, जिसमें बड़ी संख्या में पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। छिंदवाड़ा में तो कांग्रेस ने 250 से अधिक पदाधिकारियों का ऐलान किया था।



