भारत-बांग्लादेश संबंधों का नया अध्याय: प्रधानमंत्री मोदी ने बीएनपी की ‘निर्णायक जीत’ का किया स्वागत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बांग्लादेश के हाल ही में संपन्न संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की शानदार जीत पर पार्टी के चेयरमैन तारिक रहमान को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा, “मैं श्री तारिक रहमान को बांग्लादेश के संसदीय चुनाव में बीएनपी को निर्णायक जीत दिलाने के लिए हार्दिक बधाई देता हूं। यह जीत बांग्लादेश के लोगों द्वारा आपके नेतृत्व में रखे गए गहन विश्वास को दर्शाती है।”
प्रधानमंत्री ने आगे लिखा, “भारत एक लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। मैं आपके साथ मिलकर हमारे बहुआयामी संबंधों को मजबूत करने और हमारे साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने का इंतजार कर रहा हूं।”
भारत-बांग्लादेश संबंधों में सुधार की उम्मीद
प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान के बाद भारत-बांग्लादेश के संबंधों में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। इससे पहले भी प्रधानमंत्री मोदी ने बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की थी और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी। बाद में खालिदा जिया के निधन पर भी उन्होंने गहरा दुख व्यक्त किया था, जो बांग्लादेश के साथ तनावपूर्ण रिश्तों को सुधारने के संकेत के रूप में देखा गया था।
भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव
भारत-बांग्लादेश के रिश्ते अगस्त 2024 तक शेख हसीना के प्रधानमंत्री रहते हुए मजबूत थे, लेकिन जुलाई-अगस्त में हुए छात्र आंदोलन के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना को सत्ता से बेदखल कर दिया गया। इसके बाद भारत विरोधी जमात-ए-इस्लामी ने बांग्लादेश में कट्टरपंथ और उग्रवाद को बढ़ावा दिया। इस दौरान हिंदू और अल्पसंख्यकों पर अत्याचार किए गए, उनके घरों को जलाया गया, और बांग्लादेश-भारत संबंधों में खटास आ गई। अब, 20 साल बाद बीएनपी की सत्ता में वापसी के साथ दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की संभावना जताई जा रही है।



