रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व डीजीपी विश्वरंजन की हालत गंभीर, पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विश्वरंजन की तबीयत गंभीर बनी हुई है। उन्हें पिछले महीने पटना स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, उन्हें कार्डियक समस्या का सामना करना पड़ा था।
कुछ दिन पहले उनकी हालत में सुधार आया था, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर से हटा लिया गया था। हालांकि, मंगलवार को अचानक उनकी सेहत बिगड़ी और उन्हें दोबारा वेंटिलेटर पर रखा गया है। फिलहाल, उनकी स्थिति क्रिटिकल बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक विशेषज्ञ टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
छत्तीसगढ़ के छठे डीजीपी रहे विश्वरंजन
विश्वरंजन 2007 में छत्तीसगढ़ के छठे डीजीपी बने थे। ओपी राठौर के असामयिक निधन के बाद रमन सिंह सरकार ने उन्हें छत्तीसगढ़ पुलिस का प्रमुख नियुक्त किया था। वे लगभग चार वर्षों तक इस पद पर रहे।
आईबी में लंबा कार्यकाल
1973 बैच के आईपीएस अधिकारी विश्वरंजन को छत्तीसगढ़ सरकार ने डेपुटेशन पर बुलाकर जुलाई 2007 में डीजीपी बनाया था। मध्यप्रदेश के विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिला था, हालांकि इससे पहले वे कभी छत्तीसगढ़ में पदस्थ नहीं रहे थे। वे लंबे समय तक इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में प्रतिनियुक्ति पर रहे और वहां एडिशनल डायरेक्टर के पद तक पहुंचे थे।



