शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा: आकाश झूला टूटने से छह लोग गिरे, दो युवतियों की हालत गंभीर

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। मेले में लगा एक आकाश झूला अचानक टूटकर गिर गया, जिससे उस पर सवार छह लोग सीधे जमीन पर आ गिरे। इस घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में दो युवतियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जबकि तीन अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घायलों में मलदा गांव की रहने वाली चंद्रकांता कश्यप और भूमिका कश्यप शामिल हैं, जिनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचे। एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, झूला चलते समय अचानक तकनीकी खराबी के कारण टूट गया। पुलिस और प्रशासन की टीम अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई। मेले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं।



