रिश्तों का कत्ल: सौतेले पिता के शोषण से गर्भवती हुई नाबालिग, शिवरीनारायण मेले से आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। नाबालिग बालिका के यौन शोषण का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि सौतेले पिता ने लंबे समय तक नाबालिग बेटी का शोषण किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। अस्पताल में उपचार के दौरान नाबालिग ने एक पुत्र को जन्म दिया। मामले की जांच के बाद बिल्हा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामला बिल्हा थाना क्षेत्र का है।
बिल्हा थाना प्रभारी अवनीश पासवान ने बताया कि पीड़िता नाबालिग है और पढ़ाई के लिए दूसरे जिले के एक हॉस्टल में रहकर अध्ययन कर रही थी। कुछ दिन पहले हॉस्टल परिसर में खेलते समय उसे अचानक पेट में तेज दर्द हुआ। इस पर हॉस्टल प्रबंधन ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकीय जांच में नाबालिग के आठ माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। इलाज के दौरान उसने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला पुलिस अधिकारी द्वारा नाबालिग से संवेदनशील तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसका यौन शोषण उसके सौतेले पिता द्वारा किया गया था। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने जीरो पर अपराध दर्ज कर मामला बिल्हा थाना भेजा। घटना बिल्हा थाना क्षेत्र की होने के कारण यहां अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश शुरू की गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी घटना के बाद से फरार था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। इस दौरान वह पहचान छिपाने के लिए भेष बदलकर अलग-अलग स्थानों पर भीख मांग रहा था। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी शिवरीनारायण मेले में मौजूद है। सूचना की पुष्टि होने पर पुलिस टीम ने मेले में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।



