कोरबा में बैंक अधिकारी के घर चोरी का खुलासा, मां-बेटे गिरफ्तार

कोरबा। मानिकपुर पुलिस ने बैंक अधिकारी के घर हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए शातिर चोर और उसकी मां को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चोरी किए गए जेवर अपनी मां की मदद से एक फाइनेंस कंपनी में गिरवी रखे थे, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मानिकपुर चौकी क्षेत्र के दादर मार्ग निवासी बैंक अधिकारी राजू मोदी 6 फरवरी को जमीन की रजिस्ट्री के सिलसिले में रायपुर गए थे। अगले दिन लौटने पर उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ पाया। जांच में सामने आया कि चोर खिड़की के रास्ते घर में घुसे और सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए थे। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश में जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने निहारिका साडा कॉलोनी निवासी संजय वैष्णव उर्फ नीलू को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। जांच में पता चला कि वह करीब तीन महीने पहले ही जेल से रिहा हुआ था। चोरी के बाद उसने जेवर अपनी मां लव कुमारी वैष्णव को दिए थे, जिन्होंने मुथुट फाइनेंस में इन्हें गिरवी रखकर 52 हजार रुपये प्राप्त किए थे।
पुलिस ने फाइनेंस कंपनी से सभी जेवर बरामद कर लिए हैं। चोरी गए जेवरों की वर्तमान बाजार कीमत करीब 11 लाख 11 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने मां-बेटे के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।



